तरारी ( आरा )। तरारी प्रखण्ड स्थित सिकरहटा थाना के सामने सोमवार की शाम चल रहे वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग की स्कार्पियो से 14 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस की भनक लगते ही चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शराब समेत स्कार्पियो को जब्त कर लिया है। अपर थानाध्यक्ष हर्ष कुमार ने बताया कि सोमवार की शाम थाना के सामने वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे एक सफेद रंग की स्कार्पियो खड़ी दिखाई दी। पुलिस टीम जब वाहन के पास पहुंची तो उसमें कोई नहीं था। संदेह के आधार पर वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार्टन में रखी 33 बोतल फुट्री और 10 बोतल एट पीएम बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 14 लीटर बताई गई है।
.पुलिस के अनुसार, चालक जांच से बचने के लिए वाहन छोड़कर भाग निकला। इस संबंध में सिकरहटा थाने में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत अज्ञात वाहन मालिक व चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस जब्त स्कार्पियो के आधार पर वाहन मालिक और फरार चालक की पहचान करने में जुटी है।