आरा/पिरो। दशहरा एवं दुर्गापूजा को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए मगलवार को पीरो नगर परिषद क्षेत्र में प्रशासन की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान कालीकरण वाली सड़कों पर दुकान, टोटो-ऑटो और अन्य तरीके से किए गए अवरोध को हटाया गया।अभियान में अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण कुमार उपाध्याय, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कन्हैया कुमार, नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी मेघा, स्वच्छता पदाधिकारी रजनीकांत माया, गौरव पांडेय और पीरो थानाध्यक्ष नरोत्तमचंद शामिल रहे। अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर सड़क पर आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले दुकानदारों और वाहन संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए।
प्रशासन ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान इन मार्गों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। सड़क पर दुकान लगाने अथवा टोटो-ऑटो खड़ा करने से जाम की स्थिति उत्पन्न होने के साथ श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। इसे देखते हुए सड़क के कालीकरण वाले हिस्से को पूरी तरह खाली रखने का निर्देश दिया गया। लगातार होगी निगरानी अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी एवं पीरो थानाध्यक्ष को लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वर्तमान के साथ भविष्य में भी सड़क पर किसी प्रकार का अतिक्रमण कर आवागमन बाधित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।