आरा। भोजपुर जिले के गजराजगंज थाना क्षेत्र के छोटकी सासाराम स्थित दलित बस्ती में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित होने वाली कलश यात्रा की पूर्व संध्या पर संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के मंदिर में दीप प्रज्वलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा के जिला स्वच्छता संयोजक मनीष कुमार रोशन ने किया। इस अवसर पर संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर समाज में समरसता, एकता और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में भाजपा के विधानसभा संयोजक श्री भगवान सिंह सहित पंचायत के गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि भोजपुर जिले का यह एकमात्र ऐतिहासिक मंदिर है, जहां एक ही परिसर में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के साथ डॉ. भीमराव अंबेडकर और महात्मा बुद्ध की भव्य प्रतिमाएं स्थापित हैं। मंदिर का निर्माण विशेष संगमरमर से किया गया है तथा बाहरी राज्यों से आए कुशल कारीगरों के अथक प्रयास से इसकी प्रतिमाओं और मंदिर की भव्य संरचना को आकार दिया गया है।
दीप प्रज्वलन कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर के चारों ओर दीप जलाकर उसे रोशनी से जगमगा दिया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने सामाजिक सद्भाव और गुरु रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
मनीष कुमार रौशन ने बताया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आने वाले दिनों में विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह और खुशी का माहौल है।