जिनवाणी मैनेजमेंट कॉलेज में "Accept Us 2026" ओरिएंटेशन प्रोग्राम का भव्य आयोजन

रिपोर्टर जितेन्द्र कुमार 

आरा। जिनवाणी मैनेजमेंट कॉलेज, आरा द्वारा एमबीए, बीबीए एवं बीसीए के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए "Accept Us 2026" Orientation Programme का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों का संस्थान में स्वागत करते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता एवं नैतिक मूल्यों के प्रति प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का संचालन एमबीए द्वितीय वर्ष की छात्रा मिस प्रियंशा ने अत्यंत प्रभावशाली एवं आकर्षक ढंग से किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक स्वागत गीत एवं मनमोहक स्वागत नृत्य से हुई, जिसने उपस्थित अतिथियों एवं विद्यार्थियों का मन मोह लिया। इसके उपरांत बीसीए द्वितीय सेमेस्टर के छात्र आदित्य ने अपनी प्रेरणादायक कविता प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। वहीं बीसीए द्वितीय सेमेस्टर के छात्र तारकनाथ ने अपने प्रभावशाली भाषण के माध्यम से नवप्रवेशित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और शिक्षा के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री नरेश कुमार, संयुक्त आयुक्त, पूर्वी प्रमंडल (ऑडिट), राज्य कर, पटना थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री ओम कुमार, संयुक्त आयुक्त प्रभारी, राज्य कर, शाहाबाद जिला उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिनवाणी मैनेजमेंट कॉलेज के चेयरमैन डॉ. आदित्य विजय जैन ने की। इस अवसर पर वाइस चेयरपर्सन डॉ. सैपी जैन, डायरेक्टर सिद्धा विजय जैन एवं अरिहंत विजय जैन भी मंचासीन रहे।
अपने प्रेरणादायक संबोधन में मुख्य अतिथि श्री नरेश कुमार ने कहा कि आज के समय में सफलता केवल प्रतिभा (Talent) या बुद्धिमत्ता (IQ) से निर्धारित नहीं होती, बल्कि निरंतरता (Consistency), धैर्य (Patience), अनुशासन एवं सकारात्मक सोच ही व्यक्ति को सफलता के शिखर तक पहुंचाती है।
उन्होंने एक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय के अध्ययन का उल्लेख करते हुए बताया कि विद्यार्थियों को उनकी क्षमता के आधार पर विभिन्न समूहों में वर्गीकृत किया गया था, लेकिन दीर्घकालिक सफलता उन्हीं विद्यार्थियों को मिली जिन्होंने निरंतर मेहनत, धैर्य और अनुशासन बनाए रखा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी बढ़ती प्रतिस्पर्धा, डिजिटल विचलन और मोबाइल फोन जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में युवाओं को अपनी ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग करना चाहिए क्योंकि युवा देश के भविष्य के मशालवाहक (Torch Bearers) हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को सुनने की कला (Listening Skills) विकसित करने, बड़ों का सम्मान करने तथा धैर्य को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि "आज जो बोओगे, भविष्य में वही काटोगे।"
महान वैज्ञानिक थॉमस अल्वा एडिसन का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि प्रतिभा तभी सार्थक होती है जब उसके साथ धैर्य और निरंतर प्रयास जुड़े हों। उन्होंने विद्यार्थियों को समय-समय पर आत्ममूल्यांकन (Self Assessment) करने तथा सकारात्मक प्रेरणा (Positive Motivation) के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
विशिष्ट अतिथि श्री ओम कुमार ने विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने का संदेश देते हुए कहा कि उच्च शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रक्रिया है।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में चेयरमैन डॉ. आदित्य विजय जैन ने कहा कि जिनवाणी मैनेजमेंट कॉलेज हमेशा ऐसे विद्यार्थियों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध रहा है, जो केवल सफल प्रोफेशनल ही नहीं बल्कि बेहतर इंसान, जागरूक समाजसेवी और जिम्मेदार नागरिक भी बनें।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं है, बल्कि व्यक्ति के चरित्र, नैतिक मूल्यों, सामाजिक संवेदनशीलता और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। कॉलेज विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व के अवसर प्रदान कर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार कर रहा है।
उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे कॉलेज के अनुशासन, मूल्यों एवं अवसरों का पूरा लाभ उठाएं, नई तकनीकों को अपनाएं, नवाचार की सोच विकसित करें तथा अपने ज्ञान और कौशल के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान दें।
कार्यक्रम के दौरान जिनवाणी मैनेजमेंट कॉलेज के डायरेक्टर श्री सिद्धा विजय जैन ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि कॉलेज का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को सामाजिक रूप से जागरूक, नवाचार के प्रति प्रेरित और नेतृत्व क्षमता से युक्त नागरिक बनाना है।
उन्होंने विद्यार्थियों को कॉलेज में संचालित विभिन्न सेल एवं क्लबों का सक्रिय सदस्य बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि National Service Scheme (NSS), Institution's Innovation Council (IIC), Research & Development Cell, Placement Cell, Sports Cell सहित अन्य शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को सीखने, नेतृत्व विकसित करने, नवाचार को बढ़ावा देने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि इन मंचों के माध्यम से विद्यार्थी केवल अपने व्यक्तित्व और करियर का विकास नहीं करते, बल्कि सामुदायिक विकास (Community Development) में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे समाज की समस्याओं के समाधान, नवाचार, सामाजिक सेवा और जनजागरूकता अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लें।
श्री सिद्धा विजय जैन ने कहा कि "यदि हमारे विद्यार्थी अपनी शिक्षा, नवाचार, सामाजिक सेवा और नेतृत्व क्षमता का सही उपयोग करें, तो वे न केवल अपने जीवन को सफल बना सकते हैं, बल्कि भोजपुर जिले को नई ऊँचाइयों तक ले जाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। हमारा लक्ष्य ऐसे युवा तैयार करना है, जो स्थानीय स्तर पर बदलाव लाने के साथ-साथ राष्ट्रीय विकास में भी अपना सार्थक योगदान दें।"
कार्यक्रम में कॉलेज परिवार द्वारा नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया गया तथा उन्हें संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, उद्योग-अकादमिक सहयोग, प्लेसमेंट एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर वाइस चेयरपर्सन डॉ. सैपी जैन, एवं अरिहंत विजय जैन ने भी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में संकाय सदस्यों डॉ. सावित्री तिवारी, श्री नीरज कुमार, श्री अरुण मिश्रा, श्री सौरभ कुमार, श्री प्रतीक बनर्जी, मिस प्रीति पांडेय, श्रीमती वर्षा सिन्हा एवं मिस अमृता की सक्रिय सहभागिता रही।
कॉलेज परिवार से श्री राकेश कुमार, श्री नंदलाल, श्रीमती मौसम एवं मिस काजल भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं नवप्रवेशित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ। कॉलेज प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि "Accept Us 2026" विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक शुरुआत सिद्ध होगा और उन्हें उत्कृष्ट शिक्षा, नैतिक मूल्यों एवं सफल करियर की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post